बहन के घर शादी मे जा रहे मोटर साईकिल सवार को ट्रेलर ने रौद दिया जिसमे मौके पर माँ, समेत दो मासूम बच्चियों की मौके पर मौत हो जाने पर ग्रामीणों ने किया रोड जाम

*बहन के घर शादी मे जा रहे मोटर साईकिल सवार को ट्रेलर ने रौद दिया जिसमे मौके पर माँ, समेत दो मासूम बच्चियों की मौके पर मौत हो जाने पर ग्रामीणों ने किया रोड जाम
गाजीपुर जनपद में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। शादी की खुशियों में शामिल होने निकला एक परिवार पल भर में उजड़ गया। इस दर्दनाक हादसे में मां, बेटी और भतीजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार का मुखिया बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के आबादान उर्फ बैरान गांव निवासी रणजीत चौरसिया अपने परिवार के साथ रहते हैं और पान की दुकान चलाकर जीविका करते हैं। बुधवार को उनकी बहन के घर बलिया में शादी थी। शाम को दुकान बंद करने के बाद रणजीत अपनी पत्नी कुसुम देवी (32), बेटी अनन्या (6) और भतीजी कीर्ति चौरसिया (8) के साथ एक ही बाइक से शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे।
जब उनकी बाइक यूसुफपुर-बाराचवर मुख्य मार्ग पर बरेसर थाना क्षेत्र के बाराचवर चट्टी स्थित देसी शराब की दुकान के पास पहुंची, तो आगे चल रहे एक ट्रेलर को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में रणजीत की बाइक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई। बाइक गिरते ही कुसुम देवी, अनन्या और कीर्ति ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं। तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में रणजीत चौरसिया को मामूली चोटें आईं और वे बच गए।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, हालांकि बाद में बरेसर पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग शुरू कर दी। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। मोहम्मदाबाद के एसडीएम डॉ. हर्षित तिवारी, सीओ सुधाकर पांडे सहित तीन थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। देर शाम तक प्रशासन लोगों को शांत कराने और मार्ग बहाल करने में जुटा रहा।
इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार की तीन महिलाओं की मौत ने न केवल परिजनों को बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाह ओवरटेकिंग और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।




