शादियाबाद पुलिस ने शातिर बदमाश को अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस समेत किया गिरफ्तार,

शादियाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर बदमाश, अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद….
गाजीपुर जनपद मे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना शादियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक शातिर अभियुक्त को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को उपनिरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने त्रिमुहानी हंसराजपुर–रंजीतपुर–यूसुफपुर मार्ग पर ग्राम हंसराजपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा (.315 बोर) एवं एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रणजीत सिंह उर्फ गोलू पुत्र विंध्यांचल सिंह निवासी ग्राम हंसराजपुर, थाना शादियाबाद, जनपद गाजीपुर (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना शादियाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 010/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, चोरी एवं धोखाधड़ी सहित कुल सात मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
शादियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है और कानून-व्यवस्था को लेकर आमजन में भरोसा मजबूत हुआ है।




