Welcome to News Darshan 24   Click to listen highlighted text! Welcome to News Darshan 24
राजनीति

महिला आरक्षण को लेकर महिलाओ का ज़ोरदार प्रदर्शन, सांसद अफजाल अंसारी के आवास का किया घेराव

रेयाज अहमद/ शाहनवाज अहमद

मोहम्मदाबाद- गाजीपुर: जनपद में मंगलवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब सैकड़ों महिलाओं ने गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के पैतृक आवास फाटक पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने सांसद के आवास का घेराव करते हुए महिला आरक्षण के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

 

घेराव से पूर्व महिला कार्यकर्ताओं ने नगर के बाजारों में मार्च निकालकर “सांसद जी होश में आओ”, “नारी नहीं ये चिंगारी है, भारत देश की नारी है” जैसे नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सांसद से महिला आरक्षण बिल पर जवाब मांगा और विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

 

जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से ऐतिहासिक बिल लाया गया, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध कर महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहा है तथा भविष्य में महिलाओं को 50 प्रतिशत तक आरक्षण दिलाने की दिशा में भी प्रयास जारी रहेंगे।

 

प्रदर्शन के दौरान सपना सिंह ने विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब देश की महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और अपने अधिकारों के लिए खुलकर आवाज उठा रही हैं।

 

सपना सिंह के अनुसार, जब इस मुद्दे पर सांसद अफजाल अंसारी से बातचीत हुई तो उन्होंने समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए पूर्व में भी कई कार्य किए गए हैं, जिसकी बदौलत महिलाएं आज विभिन्न पदों तक पहुंच रही हैं।

 

सांसद के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपना सिंह ने कहा कि महिलाओं को मिले अधिकार किसी एक दल या नेता की देन नहीं, बल्कि भारत के संविधान और भीमराव अंबेडकर की दूरदर्शिता का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और सशक्त उपस्थिति संविधान की देन है और महिलाओं के अधिकारों को लेकर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!