जमानियां स्टेशन पर तस्करों पर टूटी पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, बिहार भेजी जा रही लाखों की शराब खेप बरामद
रेयाज अहमद

गाजीपुर जनपद के जमानियां रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ सात तस्करों को दबोच लिया। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन के इंतजार में खड़े तस्करों के पास से सैकड़ों लीटर शराब बरामद होने के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि जमानियां थाना पुलिस, जीआरपी दिलदारनगर और आरपीएफ की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक भारी मात्रा में शराब लेकर बिहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 22 पिठ्ठू बैग, पांच बोरियों और चार झोलों से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई में कुल 498.5 लीटर बीयर बरामद हुई, जिसमें 500-500 मिलीलीटर की 997 केन शामिल थीं। इसके अलावा 56.71 लीटर अंग्रेजी शराब भी पकड़ी गई, जिसमें रॉयल स्टैग और आफ्टर डार्क ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में शराब की बरामदगी से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना निवासी अनुराग कुमार, सुमित कुमार, जितेन्द्र कुमार और शिवकुमार, सीतामढ़ी निवासी आशीष कुमार तथा नालंदा निवासी राकेश कुमार और सतीश कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि शराब की खेप ट्रेन के जरिए बिहार पहुंचाई जानी थी, जहां शराबबंदी के चलते अवैध तस्करी का नेटवर्क लगातार सक्रिय है।
प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 एक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क और शराब सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है। सभी आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
