भावरकोल क्षेत्र में क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवकों पर फायरिंग, दो को लगी गोली; भांवरकोल में मचा हड़कंप.
शाहनवाज़ अहमद

क्रिकेट खेलकर लौट रहे युवकों पर फायरिंग, दो को लगी गोली; भांवरकोल में मचा हड़कंप…
गाजीपुर में कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष, एक के पैर-कान तो दूसरे के सीने के पास लगी गोली; पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
भांवरकोल (गाजीपुर)। क्रिकेट का मैदान छोड़कर घर लौट रहे युवकों का रास्ते में हुआ विवाद देखते ही देखते गोलीकांड में बदल गया। भांवरकोल थाना क्षेत्र के जसदेवपुर के पास मंगलवार को हुई फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुखडेहरा गांव के कुछ युवक क्रिकेट खेलकर लौट रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान मारपीट भी हुई, जिसमें एक युवक के सिर पर चोट आई। इसके बाद पीड़ित पक्ष शिकायत लेकर थाने जा रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के सिलसिले में जसदेवपुर के पास दोबारा कहासुनी हुई और फायरिंग कर दी गई।
गोली लगने से सुखडेहरा निवासी राघवेश सिंह यादव (35), पुत्र विजय शंकर सिंह यादव, और पंकज सिंह यादव (25), पुत्र राजमोहन यादव, घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, राघवेश के पैर और कान में, जबकि पंकज के सीने के दाहिने हिस्से के पास गोली लगी है।
मामले में सर्वेश राय उर्फ सिट्टू और आशुतोष उर्फ बिट्टू, दोनों पुत्र सर्वेश्वर नाथ राय, के नाम सामने आए हैं। घटना की सूचना पर भांवरकोल थाना प्रभारी राजीव कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली, वहीं मुहम्मदाबाद विधायक सुहैब मन्नू अंसारी भी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फायरिंग की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




