यूसुफपुर बाजार में सागर स्वीट हाउस में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
रेयाज अहमद की रिपोर्ट

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगर के यूसुफपुर बाजार स्थित मिडटाउन होटल के नीचे संचालित सागर स्वीट हाउस में बुधवार तड़के करीब चार बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों और धुएं से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दुकान में रखा मिठाई, चाट एवं अन्य खाद्य सामग्री, काउंटर सहित बड़ी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सागर स्वीट हाउस गोपी यादव की दुकान में संचालित होता है। मंगलवार की रात दुकानदार रोज की तरह दुकान बंद कर अपने घर चला गया था। बुधवार तड़के करीब चार बजे बाजार से गुजर रहे लोगों ने दुकान के अंदर से धुआं निकलता देखा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत की। लंबे प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दुकान का काउंटर, मिठाई व चाट बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तथा अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति का जायजा लिया। सुबह होने पर राजस्व विभाग के लेखपाल ने भी मौके पर पहुंचकर आग से हुई क्षति का सर्वे किया। प्रशासनिक स्तर पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना की जानकारी मिलने पर मुहम्मदाबाद विधायक शोएब अंसारी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने दुकानदार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि आग से हुई क्षति बेहद दुखद है और पीड़ित की हरसंभव सहायता के लिए प्रयास किया जाएगा।
वहीं, आग लगने की खबर से आसपास के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल रहा। लोगों ने समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य दुकानों तक भी आग फैल सकती थी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की निगरानी में घटना की जानकारी जुटाई जा रही है तथा आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




