Uncategorized

मोहम्मदाबाद में विजिलेंस की कार्रवाई पर रहस्य, इंस्पेक्टर ने जानकारी देने से किया इनकार, उपखंड अधिकारी भी रहे अनजान

*मोहम्मदाबाद में विजिलेंस की कार्रवाई पर रहस्य, इंस्पेक्टर ने जानकारी देने से किया इनकार, उपखंड अधिकारी भी रहे अनजान*

गाजीपुर जनपद के मोहम्मदाबाद नगर क्षेत्र में बुधवार की सुबह लगभग 9:00 बजे विजिलेंस टीम द्वारा बिजली चोरी के खिलाफ अचानक अभियान चलाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। टीम के पहुंचते ही लोग अपने-अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बताया जा रहा है कि विजिलेंस टीम गाजीपुर से आई थी और इंस्पेक्टर उदयभान मिश्रा के नेतृत्व में नगर के विभिन्न स्थानों पर जांच की गई। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि किन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई और क्या परिणाम रहा।
मौके पर जब विजिलेंस इंस्पेक्टर उदयभान मिश्रा से यह जानने की कोशिश की गई कि आखिर किस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है, तो उन्होंने साफ तौर पर किसी भी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पत्रकार को कोई जानकारी नहीं दी जा सकती।
इसके तुरंत बाद मौके पर ही पत्रकार द्वारा उपखंड अधिकारी अमित कुमार राय को मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क किया गया और उनसे पूछा गया कि मोहम्मदाबाद नगर क्षेत्र में विजिलेंस टीम द्वारा किस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है। इस पर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
एक तरफ विजिलेंस टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही थी और दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन के स्तर पर भी इसकी कोई जानकारी नहीं होने से स्थिति पूरी तरह रहस्यमयी बनी रही। यही कारण रहा कि मौके पर मौजूद लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं।
लोगों में यह बात प्रमुख रूप से उठती रही कि “टीम आई तो है, लेकिन कार्रवाई किस पर हुई और क्या किया गया, यह किसी को नहीं बताया जा रहा है।” कुछ लोगों ने यह भी कहा कि “अगर कार्रवाई पारदर्शी होती तो इसकी जानकारी खुलकर सामने आती।”
फिलहाल, विजिलेंस की इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अभाव में पूरा मामला संदेह के घेरे में नजर आ रहा है और नगर क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इस कार्रवाई की असल सच्चाई क्या है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!