सालों से बदहाल रामलीला मैदान को मिलेगी राहत, देर रात तक चला नाला कनेक्शन कार्य
रेयाज अहमद की रिपोर्ट

गाजीपुर जनपद के मोहम्मदाबाद नगर क्षेत्र में वर्षों से जलजमाव और गंदे पानी की समस्या से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। नगर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले रामलीला मैदान क्षेत्र को अब गंदे नालों और जलभराव से मुक्ति दिलाने की दिशा में बड़ा कार्य शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार देर रात ईदगाह के पास स्थित प्राथमिक पाठशाला के बगल में मुख्य सड़क को काटकर बड़े नाले से जोड़ने का कार्य किया गया। यह कार्य रात लगभग 8 बजे शुरू हुआ और भोर करीब 3 बजे तक लगातार चलता रहा।

कार्य के दौरान नगर चेयरमैन रईस अंसारी स्वयं देर रात तक मौके पर मौजूद रहे और पूरी व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
बताया जा रहा है कि इस नई जलनिकासी व्यवस्था से रामलीला मैदान के साथ-साथ अग्रवाल टोली, मिर्दहाँ मुहल्ला, ज़फरपुरा समेत कई इलाकों में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। बरसात के मौसम में इन इलाकों में हालात इतने खराब हो जाते थे कि सड़कों पर पानी भर जाता था और लोगों का निकलना तक मुश्किल हो जाता था।
रामलीला मैदान मोहम्मदाबाद नगर का केवल एक मैदान नहीं बल्कि गंगा-जमुनी तहजीब, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जाता है। इसी क्षेत्र के एक ओर हजरत अरब शाह बाबा का मजार स्थित है तो दूसरी ओर नागा बाबा का मंदिर मौजूद है। पास में मुस्लिम समुदाय का कब्रिस्तान है, वहीं हजरत पायलट शाह रहमतुल्लाह अलैह का मजार और नगर का प्रमुख ईदगाह भी इसी परिसर के आसपास स्थित है।
इतने महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल के बावजूद वर्षों से नगर का गंदा पानी और नालों की गंदगी इसी क्षेत्र की ओर बहाई जाती रही, जिससे लोगों में लगातार नाराजगी बनी रहती थी। बरसात के दिनों में पूरा रामलीला मैदान जलभराव और बदबू का केंद्र बन जाता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल जलनिकासी का मुद्दा नहीं बल्कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और नगर की पहचान से जुड़ा विषय था।
अब नगर प्रशासन द्वारा शुरू किए गए इस कार्य से लोगों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में रामलीला मैदान और आसपास का क्षेत्र स्वच्छ और सुंदर दिखाई देगा तथा धार्मिक स्थलों के पास गंदगी और बदबू की समस्या से भी लोगों को निजात मिलेगी।
चेयरमैन रईस अंसारी ने बताया कि बहुत जल्द स्टेट बैंक मोहम्मदाबाद के पास एक और सीवर पाइपलाइन डालने का कार्य भी शुरू किया जाएगा। उनका कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नगर क्षेत्र की अधिकांश जलनिकासी समस्याओं का स्थायी समाधान हो जाएगा।




