
गाजीपुर और मऊ जिलों में उस समय हड़कंप मच गया, जब पुर्व विधायक स्वर्गीय मुख्तार अंसारी की पत्नी अफ्शा अंसारी की तलाश में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। 50 हजार रुपये की इनामी अफ्शा अंसारी की गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर और मऊ पुलिस की संयुक्त टीमों ने दोनों जिलों के कुल सात संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में दो तथा सैदपुर थाना क्षेत्र में एक स्थान पर पुलिस ने सघन तलाशी अभियान चलाया। वहीं मऊ जिले में मुख्तार अंसारी से जुड़े चार अलग-अलग ठिकानों को खंगाला गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम मऊ के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र स्थित मिर्जाहादीपुरा इलाके में समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व चेयरमैन तय्यब पालकी के आवास पर भी पहुंची। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में घर के भीतर तलाशी ली गई और कई बिंदुओं पर पूछताछ की गई। तय्यब पालकी को मुख्तार अंसारी का करीबी माना जाता रहा है।
हालांकि, तय्यब पालकी ने मीडिया से बातचीत में अफ्शा अंसारी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पूछताछ की और बाद में वापस लौट गई।
एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने बताया कि अफ्शा अंसारी लंबे समय से फरार चल रही हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर संभावित ठिकाने पर नजर बनाए हुए है।
गौरतलब है कि अफ्शा अंसारी, मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी की मां और दिवंगत मुख्तार अंसारी की पत्नी हैं। कई मामलों में वांछित चल रही अफ्शा अंसारी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को मुख्तार अंसारी नेटवर्क से जुड़े संभावित संपर्कों और ठिकानों की पड़ताल के रूप में भी देखा जा रहा है।


