तेज आंधी बनी काल: उड़ते टीन से सिर पर वार, महिला की मौत से मचा कोहराम

गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद क्षेत्र में बुधवार शाम आई तेज आंधी एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। बलिया जनपद के नरहीं थाना क्षेत्र की 47 वर्षीय शैलकुमारी की टीनशेड के उड़कर लगने से दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि शैलकुमारी अपने मायके बदौली अदाई गांव आई हुई थीं। वह अपनी पुत्री अनन्या के साथ अपने पिता तुलसी गोंड़ और भाई शोभनाथ से मिलने बुधवार दोपहर पहुंची थीं। घर पर टीनशेड लगा हुआ था, जो तेज आंधी के दौरान खतरा बन गया।
शाम होते ही मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी चलने लगी। इसी दौरान शैलकुमारी ने देखा कि घर के ऊपर लगा टीनशेड तेज हवा में हिलने और उड़ने लगा है। अपनी जान बचाने के लिए वह अपनी पुत्री अनन्या और भतीजियों निधि व खुशी के साथ घर से बाहर निकलने लगीं।
तभी पश्चिम दिशा से उड़कर आए दो टीन सीधे उनकी ओर आ गिरे। इस दौरान निधि तुरंत नीचे बैठ गईं और बाल-बाल बच गईं, लेकिन शैलकुमारी अपनी पुत्री को लेकर बाहर निकल ही रही थीं कि एक टीन उनके सिर के पिछले हिस्से में जोरदार तरीके से जा लगा। गंभीर चोट लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। इस हादसे में उनकी पुत्री अनन्या भी टीनशेड पर रखी ईंटों के गिरने से हल्की रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों को स्थानीय चट्टी पर प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर शैलकुमारी को जिला चिकित्सा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका अपने पीछे तीन पुत्रियों और एक पुत्र को छोड़ गई हैं।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
