जन समस्याओं के निस्तारण में प्रशासन सख्त: सम्पूर्ण समाधान दिवस में 404 शिकायतें, 43 का मौके पर समाधान
शाहनवाज़ अहमद

गाजीपुर, 02 मई 2026:
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। तहसील मुहम्मदाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा की मौजूदगी में सम्पन्न हुआ, जहां फरियादियों की लंबी कतारें लगी रहीं।
मुहम्मदाबाद तहसील में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं जनपद की सातों तहसीलों में कुल 404 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 43 का तत्काल समाधान किया गया।
अन्य तहसीलों की बात करें तो सदर में 65 में से 7, जखनियां में 82 में से 5, सेवराई में 38 में से 4, जमानियां में 56 में से 5, सैदपुर में 33 में से 2 और कासिमाबाद में 42 में से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। खासकर जमीन और आपसी विवादों को लेकर पुलिस व राजस्व विभाग को आपसी तालमेल के साथ गांव स्तर पर ही मामलों को सुलझाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने लेखपालों को चेताया कि छोटी-छोटी समस्याओं के लिए किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशान न किया जाए। साथ ही जनपदवासियों से अपील की गई कि वे जमीन, रास्ता और खेत की नापी जैसे मामलों को पहले ग्राम प्रधान और तहसील स्तर पर ही सुलझाने का प्रयास करें।
प्रशासन की इस पहल से जहां कुछ लोगों को राहत मिली, वहीं बड़ी संख्या में लंबित मामलों ने व्यवस्था पर सवाल भी खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि अधिकारियों के निर्देश जमीनी स्तर पर कितने असरदार साबित होते हैं।
https://www.facebook.com/share/v/1bjHon7bSC/
