जेवर और 50 हजार रुपये के विवाद में दादी ने चार वर्षीय पोते की हत्या, चार दिन बाद खेत से मिला शव
शाहनवाज़ अहमद की रिपोर्ट

*जेवर और 50 हजार रुपये के विवाद में दादी ने चार वर्षीय पोते की हत्या, चार दिन बाद खेत से मिला शव*
गाजीपुर जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोंड़ी खास गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि जेवर और 50 हजार रुपये के पारिवारिक विवाद में एक दादी ने अपने ही चार वर्षीय पोते की गला दबाकर हत्या कर दी। चार दिन से लापता मासूम का शव गुरुवार सुबह घर के पीछे चरी के खेत से बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी दादी कबूतरी देवी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गोंड़ी खास निवासी जामवंत कुशवाहा का चार वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ सोमवार सुबह घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद भांवरकोल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
गुरुवार सुबह घर के पीछे स्थित चरी के खेत से दुर्गंध आने पर ग्रामीण वहां पहुंचे। खेत में सिद्धार्थ का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस का दावा है कि गांव से भागने का प्रयास कर रही दादी कबूतरी देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने कथित रूप से पोते की गला दबाकर हत्या करने और शव को खेत में छिपाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, शव को पहले खेत के अंदर छिपाया गया था और बाद में मेड़ के पास खींचकर रख दिया गया, जिससे शव के कुछ अंग अलग हो गए।
मृतक के पिता जामवंत कुशवाहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां से जेवर और 50 हजार रुपये को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि घटना से एक दिन पहले आरोपी ने उनकी पत्नी को धमकी दी थी कि वह ऐसा जख्म देगी जिसे वे जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगे।
क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने आरोपी महिला के कमरे की भी जांच की, हालांकि वहां से हत्या से संबंधित कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है




