
तहसीलदार पर कार्रवाई की मांग को लेकर!..वकीलों का प्रदर्शन 19वें दिन भी जारी,एसडीएम को सौंपा ख़बर
गाज़ीपुर ज़िले से है जहां पर मुहम्मदाबाद तहसीलदार महेंद्र बहादुर के खिलाफ सेंट्रल बार एसोसिएशन का आंदोलन लगातार 19वें दिन भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार न्यायालय के न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलन के दौरान बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ध्रुव शुक्ला से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया तथा तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के संयोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक कुमार राय ने आरोप लगाया कि तहसीलदार के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोपों के बावजूद प्रशासन कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि 19 दिनों से लगातार आंदोलन के बाद भी यदि कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो अधिवक्ता आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए बाध्य होंगे।
बार एसोसिएशन ने तहसीलदार के तत्काल स्थानांतरण, कथित आय से अधिक संपत्ति की निष्पक्ष जांच तथा एफआईआर दर्ज कराने की अपनी मांग दोहराई। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक तहसीलदार न्यायालय का न्यायिक कार्य अनिश्चितकाल तक ठप रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान आशुतोष कुमार राय, कृष्ण कुमार राय, राधेश्याम राय, विमल कुमार राय, विनय कुमार राय, संजय कुमार राय, जितेंद्र यादव, आनंद प्रधान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दयाशंकर दुबे ने की, जबकि संचालन धनंजय राय ने किया।




