नवरात्रि के प्रथम दिन माता शैलपुत्री का हुआ भव्य श्रृंगार, दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालु
शाहनवाज़ अहमद

शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन माता शैलपुत्री का हुआ भव्य श्रृंगार, दर्शन-पूजन के लिए उमड़े श्रद्धालु
गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन यूसुफपुर स्थित माता महाकाली मंदिर परिसर में मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री का विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से दर्शन-पूजन के साथ दुर्गा सप्तशती के पाठ का आयोजन हुआ। माता के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
माता महाकाली का दरबार क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है। नवरात्रि के पहले दिन भक्तों ने मंदिर पहुंचकर माता के चरणों में नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।

नवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भोर से ही भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिन चढ़ने के साथ बढ़ता गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।




