30 घंटे बाद पुलिस की बड़ी कामयाबी, अपहृत मूकबधिर किशोरी सैदपुर से सकुशल बरामद
शाहनवाज़ अहमद

30 घंटे बाद पुलिस की बड़ी कामयाबी, अपहृत मूकबधिर किशोरी सैदपुर से सकुशल बरामद
गाजीपुर के मुहम्मदाबाद क्षेत्र से अपहृत मूकबधिर किशोरी को पुलिस ने रविवार देर रात करीब 10 बजे सैदपुर के भीतरी चौकी क्षेत्र स्थित पहुंटा गांव से सकुशल बरामद कर लिया।
बताया जा रहा है कि किशोरी का शनिवार को बरेजी गांव के पास से अपहरण किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी रही। आखिरकार पुलिस ने सफल कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
मुहम्मदाबाद कोतवाल विजय प्रताप सिंह के अनुसार, किशोरी सुरक्षित है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह सैदपुर कैसे पहुंची तथा इस दौरान उसके साथ क्या हुआ। पुलिस सूत्रों के मुताबिक संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
किशोरी के सकुशल मिलने से परिजनों और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। अब सभी की निगाहें आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।




