जननायक चंद्रशेखर की जन्म शताब्दी पर गूंजा युवा जोश, लाठूडीह से चितबड़ागांव तक निकली भव्य बाइक रैली
शाहनवाज़ अहमद

जननायक चंद्रशेखर की जन्म शताब्दी पर गूंजा युवा जोश, लाठूडीह से चितबड़ागांव तक निकली भव्य बाइक रैली
बाराचवर/लाठूडीह। जननायक चंद्रशेखर जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को विकासखंड बाराचवर के लाठूडीह से चितबड़ागांव तक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जननायक चंद्रशेखर जी के विचारों और राष्ट्रसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बाइक रैली का नेतृत्व मनमोहन राय एवं प्रवीण सिंह राजपूत ने किया। रैली में शामिल युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बाइक रैली के माध्यम से जननायक चंद्रशेखर जी के संघर्ष, समाजवादी विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
लाठूडीह से चितबड़ागांव तक निकली बाइक रैली ने क्षेत्र में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह नजर आया।
रैली के उपरांत राज्यसभा सांसद नीरज शेखर द्वारा चितबड़ागांव में आयोजित विशाल जनसभा में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। जनसभा के दौरान जननायक चंद्रशेखर जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और देशहित में उनके योगदान को याद किया गया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और युवाओं का उत्साह देखते ही बना। आयोजकों ने कहा कि जन्म शताब्दी वर्ष जननायक चंद्रशेखर जी के विचारों और उनके संघर्षों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।




