रफ्तार की मार और लाचार व्यवस्था: डीसीएम टक्कर में तीन घायल, ट्रामा सेंटर बेअसर

*रफ्तार की मार और लाचार व्यवस्था: डीसीएम टक्कर में तीन घायल, ट्रामा सेंटर बेअसर*
*मोहम्मदाबाद-गाजीपुर:* जनपद के मोहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत फिरोजपुर में तेज रफ्तार डीसीएम और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद डीसीएम चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घायलों में संजय कुमार (35 वर्ष), उनकी बहन बबली रावत (15 वर्ष) और मां सनप्यारी देवी (60 वर्ष), निवासी आदिलाबाद मोहम्मदाबाद, शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना ने एक बार फिर मोहम्मदाबाद के स्वास्थ्य तंत्र की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर में स्थापित ट्रामा सेंटर, जो 24 घंटे आपातकालीन सेवा के लिए बनाया गया था, व्यवहार में निष्क्रिय नजर आ रहा है। पर्याप्त डॉक्टरों और सुविधाओं के अभाव में गंभीर मरीजों को गाजीपुर रेफर करना मजबूरी बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रामा सेंटर पूरी तरह सक्रिय हो, तो समय पर इलाज से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। फिलहाल यह हादसा केवल सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था की कमियों को उजागर करने वाली घटना बनकर सामने आया है।