नगर पालिका के संविदा सफाईकर्मी का शव खेत में मिलने से सनसनी, निष्पक्ष जांच की उठी मांग
शाहनवाज़ अहमद

*नगर पालिका के संविदा सफाईकर्मी का शव खेत में मिलने से सनसनी, निष्पक्ष जांच की उठी मांग*
गाजीपुर जनपद के नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद में लगभग 17 वर्षों से संविदा सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत गुड्डू रावत (50 वर्ष) का शव रविवार को शैवटोला पकड़ी के समीप स्थित एक खेत में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक गुड्डू रावत स्वर्गीय हरदेव रावत के पुत्र थे। वे मूल रूप से ग्राम सेमरा, कोतवाली मुहम्मदाबाद के निवासी थे तथा वर्तमान में बहोरनपाह देहाती (बड़की बारी) में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद में वह पिछले लगभग 17 वर्षों से संविदा सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी रीना रावत का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे चार पुत्र—रंजित (21 वर्ष), कृष्णा (19 वर्ष), गुलशन (17 वर्ष) एवं मिसिर (15 वर्ष)—को छोड़ गए हैं। उनकी दो पुत्रियों का विवाह पहले ही हो चुका है।
सूचना मिलने पर स्थानीय कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय गाजीपुर भेज दिया। पुलिस एवं फोरेन्सिक टीम के द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना के बाद नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के अध्यक्ष रईस अहमद एवं पालिका कर्मचारियों के संघटन के अध्यक्ष प्रमोद राय, उपाध्यक्ष जिऊत रावत, महामंत्री प्रकाश रावत, जैनुद्दीन, जमालुद्दीन आदि ने संयुक्त रूप से उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडे को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाने की भी मांग की।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को शासन की ओर से उपलब्ध हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।

घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों तथा क्षेत्र के लोगों में शोक एवं आक्रोश का माहौल है। सभी ने प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।




