
मुहम्मदाबाद यूसुफपुर (गाजीपुर)। पुत्र की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए माताओं ने शनिवार को जीवित्पुत्रिका व्रत (जिउतिया) के अवसर पर श्रद्धापूर्वक गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की। व्रत को लेकर क्षेत्र में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा।
लगभग तीन बजे से ही माताओं का गंगा स्नान के लिए घाटों की ओर पहुंचना शुरू हो गया। क्षेत्र के बच्छल-का-पूरा, सेमरा घाट और गौसपुर घाट, गायत्री घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने गंगा स्नान के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने पुत्रों की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की।
हालांकि बाढ़ का पानी उतरने के बाद गंगा का जलस्तर कुछ कम हुआ है, लेकिन अभी भी नदी का पानी सामान्य स्थिति से अधिक है। इसे देखते हुए अधिकांश महिलाओं ने गंगा किनारे बैठकर पात्र के माध्यम से स्नान किया। घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी लोग सतर्क नजर आए। थाना कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक रामाश्रय यादव, चौकी प्रभारी अरविंद कुमार घाटों का चक्रमण करते हुए जायजा लेते रहे।
जीवित्पुत्रिका व्रत को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह रहा। पूरे क्षेत्र में दिनभर पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों का माहौल बना रहा।




