मुर्की खुर्द में प्रतिभा सम्मान समारोह: मेधावी छात्रों का बढ़ाया गया हौसला
रेयाज अहमद की रिपोर्ट

मुर्की खुर्द में प्रतिभा सम्मान समारोह: मेधावी छात्रों का बढ़ाया गया हौसला
गाजीपुर। मोहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत ग्राम मुर्की खुर्द स्थित शम्स मॉडल स्कूल के प्रांगण में बे-नजीर अंसार एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी, भोपाल द्वारा हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्रों के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों का उत्साहवर्धन कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व डीजीपी मोहम्मद वजीर अंसारी ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य आम जनता को मुफ्त मिलना चाहिए, लेकिन वर्तमान समय में यह महंगा हो गया है। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को अपनाते हुए शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया और ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों की कमी के बावजूद शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
वहीं पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा कि जब तक समाज में शिक्षा को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तब तक परिवार और देश की तरक्की संभव नहीं है। उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित करने की पहल को सराहनीय बताया।
उत्तर प्रदेश राज्य अधिवक्ता संघ (समाजवादी) के सचिव रामनिवास सिंह यादव ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर की जीवनी और संविधान का अध्ययन हर छात्र के अंदर बदलाव और जागरूकता ला सकता है।
इस अवसर पर हाई स्कूल में 91% अंक प्राप्त करने वाली छात्रा रोली कुशवाहा को साइकिल देकर सम्मानित किया गया, साथ ही अन्य छात्रों को अंगवस्त्र और मेडल प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि बलिराम पटेल, जिला परिषद सदस्य फेकू सिंह यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अजय यादव, विनोद कुमार, ललिता यादव, संध्या खरवार, संजू पासवान, रिंकू यादव, तनु खरवार, आयशा सिद्दीकी, सानिया खातून, निकहत परवीन, रूपा भारती, एकता मौर्य, पूनम यादव और अदनान रजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता महिमा प्रजापति तथा संचालन नाजिम रजा ने किया।
