
महेशपुर प्रथम में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए गंभीर आरोप…
गाजीपुर जनपद के भांवरकोल थाना क्षेत्र के महेशपुर प्रथम गांव में शुक्रवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, महेशपुर प्रथम निवासी शब्बा परवीन (32 वर्ष) पत्नी मकसूद उर्फ बाबर खां की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र यादव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पीआरबी 112 के साथ चौकी प्रभारी श्याम सिंह एवं प्रभारी थानाध्यक्ष मोरध्वज दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उधर, सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। मृतका के पिता अबुल कैश खान निवासी पलियां चुटहां (दिलदारनगर) ने एफआईआर दर्ज कराने कि बात कहीं।
बताया जा रहा है कि शब्बा परवीन का निकाह लगभग आठ वर्ष पूर्व महेशपुर प्रथम निवासी मकसूद उर्फ बाबर खां से हुआ था। उनके दो छोटे बच्चे हैं, 6 वर्षीय आदिल और 3 वर्षीय आतिफ। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतका की मां अकबरी बेगम भी गहरे सदमे में हैं।
मायके पक्ष ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देने की बात कही है। प्रभारी थानाध्यक्ष मोरध्वज दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




