
घोसी के पूर्व सांसद अतुल राय के छह वाहनों के काफिले की शनिवार शाम गाजीपुर में प्रवेश करते ही पुलिस ने सघन जांच की। नोनहरा थाना क्षेत्र के कठवामोड़ पर करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान काफिले के सभी वाहनों की गहन तलाशी ली गई। हालांकि जांच में कोई आपत्तिजनक अथवा गैरकानूनी सामग्री बरामद नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद अतुल राय दिल्ली से अपने पैतृक गांव वीरपुर जा रहे थे। उनके गाजीपुर सीमा में प्रवेश की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। कठवामोड़ पर पहले से मौजूद पुलिस बल ने काफिले को रोककर चारों ओर से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
जांच के दौरान एसपी सिटी राकेश मिश्रा, यातायात निरीक्षक बालेंद्र यादव सहित करीमुद्दीनपुर, भांवरकोल, नोनहरा और मुहम्मदाबाद थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में काफिले के सभी छह वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
अचानक काफिला रोके जाने पर पूर्व सांसद अतुल राय ने पुलिस अधिकारियों से जांच का कारण पूछा। अधिकारियों ने इसे नियमित जांच अभियान का हिस्सा बताते हुए कार्रवाई जारी रखी। हालांकि, जांच के पीछे किसी विशेष इनपुट या कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई।
करीब एक घंटे तक चली तलाशी के चलते कठवामोड़ चौराहे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जांच पूरी होने और कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिलने के बाद पुलिस ने काफिले को आगे जाने की अनुमति दे दी।
इस कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा, जबकि पुलिस ने इसे सामान्य सुरक्षा जांच करार दिया।




