ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से 25वर्षीय शिक्षक की मौके पर मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
शाहनवाज़ अहमद

यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से युवा शिक्षक की मौके पर मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
यूसुफपुर: स्थानीय यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर आज एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में एक 22 वर्षीय होनहार युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान शाहपुर उसरी निवासी रमाशंकर चौरसिया के पुत्र मनीष चौरसिया के रूप में हुई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आज सुबह मनीष यात्रा के लिए यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आई, वे उसमें चढ़ने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे सीधे पटरियों के बीच जा गिरे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या उन्हें बचाने की कोशिश करता, ट्रेन के पहिए उनके ऊपर से गुजर गए। गंभीर चोटों के चलते मनीष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में इस मंजर को देखकर चीख-पुकार मच गई।
मनीष चौरसिया पेशे से शिक्षक थे और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं का भविष्य संवार रहे थे। वे अपने पैतृक गांव से कुछ ही किलोमीटर दूर फकराबाद चट्टी पर ‘सिग्मा कोचिंग सेंटर’ नाम से एक निजी शिक्षण संस्थान चलाते थे। कम उम्र में अपनी लगन और मेहनत के बल पर उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच अच्छी पहचान बना ली थी।
हादसे की खबर जैसे ही उनके गांव शाहपुर उसरी और कोचिंग सेंटर तक पहुंची, हर कोई स्तब्ध रह गया। परिवार में कोहराम मच गया हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हैं। वहीं, स्थानीय लोगों और उनके छात्रों में इस असामयिक व दर्दनाक मौत को लेकर गहरा शोक व्याप्त हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ हैं।




